
● मुंबई
युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 22 मई 2026 को बोरीवली (पश्चिम) में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय रोजगार मेला’ आयोजित किया जाएगा। यह मेला जिला कौशल विकास, रोजगार एवं उद्यमिता मार्गदर्शन केंद्र, मुंबई उपनगर और सायली कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है।
यह रोजगार मेला सायली कॉलेज, गोराई रोड, एमएचबी कॉलोनी, गोराई नगर, बोरीवली-पश्चिम में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा। मेले में मुंबई की कई प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी और विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों की सीधे मौके पर इंटरव्यू लिए जाएंगे। साथ ही प्राथमिक चयन प्रक्रिया भी स्थल पर ही पूरी की जाएगी।
इस मेले की खास बात यह है कि यहां केवल नौकरी ही नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं की जानकारी और कौशल प्रशिक्षण के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री युवा कार्य प्रशिक्षण योजना और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत युवाओं को प्रशिक्षण का लाभ दिया जाएगा, जिससे उनके रोजगार की संभावनाएं और मजबूत होंगी।
दसवीं, बारहवीं पास, आईटीआई और विभिन्न विषयों में स्नातक उम्मीदवार इस मेले में भाग ले सकते हैं। जिला कौशल विकास केंद्र के सहायक आयुक्त रोलेक्स अर्जुनराव भगत ने युवाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
