■ पार्थ पवार ने दी सफाई

● मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी ) के भीतर रणनीतिक बदलाव और अंदरूनी खींचतान को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पार्टी प्रमुख और राज्य की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने सोमवार को मुंबई में राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर से मुलाकात की, जिससे राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें शुरू हो गईं।
करीब दो घंटे चली इस बैठक में सुनेत्रा पवार के साथ उनके बड़े बेटे और राज्यसभा सांसद पार्थ पवार भी मौजूद थे। बैठक में पार्टी के संगठन विस्तार, महाराष्ट्र में जनाधार मजबूत करने और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, प्रशांत किशोर ने इस दौरान पार्टी को मजबूत करने के लिए एक प्रारंभिक प्रस्तुति भी दी।
हालांकि, मुलाकात के बाद पार्टी के भीतर स्थिति को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रही। कुछ वरिष्ठ नेताओं का मानना था कि प्रशांत किशोर को सलाहकार के रूप में शामिल किया जा सकता है, जबकि कुछ नेताओं ने इस कदम पर आपत्ति जताई।
इस बीच पार्थ पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर स्पष्ट किया कि एनसीपी ने प्रशांत किशोर को आधिकारिक रूप से रणनीतिकार नियुक्त नहीं किया है। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात केवल पारिवारिक और मित्रवत बातचीत थी, और किशोर उनके लंबे समय से परिचित हैं।
