
● मुंबई
महाराष्ट्र सरकार मुंबई महानगर क्षेत्र में जल परिवहन सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य के मत्स्य एवं बंदरगाह मंत्री नितेश राणे ने घोषणा की है कि वॉटर ट्रांसपोर्ट के लिए ऑनलाइन टिकटिंग प्रणाली शुरू की जाएगी, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा और पारदर्शिता मिलेगी।
इस नई डिजिटल प्रणाली की शुरुआत सबसे पहले वर्सोवा-माध रूट पर की जाएगी। फिलहाल यहां पारंपरिक टिकटिंग व्यवस्था लागू है, जिसे अब पूरी तरह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म में बदला जाएगा। इस परियोजना को महाराष्ट्र मरीटाइम बोर्ड के माध्यम से निजी एजेंसियों की साझेदारी में लागू किया जाएगा।
सरकार की योजना के तहत मासिक, तिमाही और वार्षिक डिजिटल पास भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे नियमित यात्रियों को फायदा होगा। इसके अलावा, टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने पर भी जोर दिया गया है।
मंत्री राणे के अनुसार, अगले तीन महीनों में कम से कम 50 प्रतिशत टिकट लेनदेन को ऑनलाइन करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में वर्सोवा-माध रूट पर प्रतिदिन करीब 22,000 टिकट जारी किए जाते हैं, जिनमें से लगभग 11,000 टिकट डिजिटल माध्यम से जारी करने की योजना है।
इस पहल से न केवल टिकटिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि यात्रियों को लंबी कतारों से भी राहत मिलेगी। साथ ही, जल परिवहन सेवाओं को आधुनिक और अधिक व्यवस्थित बनाने में भी यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा।
