
■ मुंबई
देश में लगातार बढ़ते पेट्रोल और डीजल के दामों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत की अपील का असर अब राजनीतिक नेताओं पर भी दिखने लगा है। इसी क्रम में महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने बड़ा कदम उठाते हुए इलेक्ट्रिक वाहन का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, सुनेत्रा पवार ने अपने सरकारी दौरों और दैनिक यात्रा के लिए नई इलेक्ट्रिक कार का उपयोग शुरू किया है। उनकी चमचमाती सुनहरे रंग की ईवी कार इस समय राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। यह कदम न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि इसे बढ़ती महंगाई और ईंधन संकट के बीच एक मजबूत संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।
सरकार के अन्य नेता भी अब ईंधन बचाने के उपायों पर ध्यान दे रहे हैं। कुछ मंत्रियों ने अपने वाहन काफिले कम किए हैं, तो कुछ ने इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। साथ ही सरकारी खर्चों में कटौती और अनावश्यक कार्यक्रमों से बचने पर भी जोर दिया जा रहा है।
वर्तमान में पेट्रोल की कीमत 107 रुपए प्रति लीटर से अधिक और डीजल लगभग 94 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच चुका है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। ऐसे में लोग भी धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
