■ यात्रियों को मिलेगी निर्बाध मोबाइल सेवा

● मुंबई
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली मेट्रो सेवाओं में अब यात्रियों को एक बड़ी राहत मिलने वाली है। मुंबई मेट्रो रेल कारपोरेशन लिमिटेड (एम एम आर सी ) ने घोषणा की है कि मेट्रो लाइन-3, जिसे एक्वा लाइन भी कहा जाता है, इस लाइन में जल्द ही निर्बाध मोबाइल नेटवर्क सुविधा शुरू की जाएगी। लंबे समय से नेटवर्क समस्या झेल रहे यात्रियों के लिए यह खबर राहत भरी है।
एमएमआरसी ने प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों भारती एयरटेल , रिलायंस जिओ और वोडाफोन आईडिया को टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने का अधिकार दिया है। ये कंपनियां पूरे मेट्रो-3 कॉरिडोर में इन-बिल्डिंग सॉल्यूशन (आई बी एस ) तकनीक के माध्यम से नेटवर्क स्थापित करेंगी, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान बिना रुकावट कॉल और इंटरनेट सेवाएं मिल सकेंगी।
अधिकारियों के अनुसार, यह समझौता 25 वर्षों के लिए किया गया है, जिसके तहत टेलीकॉम कंपनियां नेटवर्क को स्थापित करने के साथ-साथ उसका संचालन और रखरखाव भी करेंगी। खास बात यह है कि सरकारी कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड को भी अगले 6 महीनों में इस नेटवर्क से जोड़ने की योजना बनाई गई है।
गौरतलब है कि मार्च में थर्ड-पार्टी प्रदाता के साथ अनुबंध समाप्त होने के बाद मेट्रो के भूमिगत हिस्सों में पूरी तरह नेटवर्क बंद हो गया था, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अब नए इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ इस समस्या का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है।
