
● नई दिल्ली
अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में अगले माह शुरू होने जा रहे फीफा विश्व कप में इस बार तकनीक का नया दौर देखने को मिलेगा। टूर्नामेंट की आधिकारिक फुटबॉल ‘ट्रायोंडा’ को अत्याधुनिक सेंसर और स्मार्ट तकनीक से लैस किया गया है, जिससे मैच के दौरान रेफरी के फैसले अधिक तेज और सटीक हो सकेंगे।
11 जून से शुरू होने वाले इस फुटबॉल महाकुंभ में इस्तेमाल की जाने वाली यह गेंद हर मुकाबले से पहले चार्ज की जाएगी और लगभग छह घंटे तक लगातार काम करेगी। गेंद में लगाया गया हल्का इन-बिल्ट सेंसर मैदान में होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखेगा। यह सेंसर गेंद के हर टच, उसकी गति और दिशा में होने वाले बदलाव को रियल टाइम में रिकॉर्ड करेगा।
यह तकनीक स्टेडियम में लगे 12 विशेष कैमरों के साथ मिलकर काम करेगी। इससे ऑफसाइड और गोल-लाइन जैसे विवादित फैसलों के दौरान वीडियो असिस्टेंट रिव्यू (वीएआर) को तुरंत और सटीक डेटा उपलब्ध कराया जा सकेगा। अधिकारियों के अनुसार, इससे मैच में फैसले लेने में लगने वाला समय कम होगा और पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
फीफा का मानना है कि नई तकनीक से खेल को और अधिक निष्पक्ष तथा रोमांचक बनाया जा सकेगा। खिलाड़ियों के प्रदर्शन और गेंद की गतिविधियों का विश्लेषण भी पहले की तुलना में अधिक सटीक ढंग से किया जा सकेगा।
