■ खेल भावना और महिला सशक्तिकरण का दिखा उत्साह

● मुंबई
संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में 23 और 24 मई को विलेपार्ले स्थित धनजी भाई मेहता ग्राउंड में निरंकारी राजमाता जी मेमोरियल महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। मुंबई जोन के 22 में से 18 सेक्टरों की महिला टीमों ने इसमें भाग लिया।
सेमीफाइनल मुकाबले सेक्टर-3 और सेक्टर-21 तथा सेक्टर-9 और सेक्टर-18 के बीच खेले गए। फाइनल में सेक्टर-18 नेरुल और सेक्टर-21 पवार नगर, ठाणे की टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें नेरुल की टीम विजेता और ठाणे की टीम उपविजेता बनी।
संत निरंकारी मिशन ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ महिलाओं के सशक्तिकरण को भी बढ़ावा देता रहा है। निरंकारी राजमाता कुलवंत कौर के प्रेरणादायी जीवन से प्रेरित इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने खेल भावना, प्रेम और सौहार्द का सुंदर परिचय दिया।
समापन समारोह स्थानीय सेक्टर संयोजक जयप्रकाश उपाध्याय की अध्यक्षता में हुआ। बहन सुदीक्षा गायकर को ‘वुमन ऑफ द सीरीज़’, ‘बेस्ट बैटर’ और ‘बेस्ट बॉलर’ के पुरस्कार प्रदान किए गए।
आयोजन को सफल बनाने में स्पोर्ट्स कमेटी के प्रभारी बलिराम कासारे, मनोज सिंह कोटाल तथा अन्य सेवादार महात्माओं का विशेष योगदान रहा।
