■ महाराष्ट्र में खुशी की लहर

● मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति के लिए गर्व का क्षण सामने आया है, जहां उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में लोकसभा में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पांच सांसदों को प्रतिष्ठित ‘संसद रत्न’ पुरस्कार के लिए चुना गया है।
यह सम्मान शिवसेना और महायुति के उन सांसदों को मिला है, जिन्होंने संसद में महाराष्ट्र के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया और जनता की समस्याओं पर लगातार आवाज बुलंद की। सम्मानित सांसदों में डॉ. श्रीकांत शिंदे, नरेश म्हस्के, डॉ. हेमंत सवरा, मेधा कुलकर्णी और स्मिता वाघ शामिल हैं।
इस उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सभी सांसदों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे महाराष्ट्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि संसद जनता की आकांक्षाओं को व्यक्त करने का सर्वोच्च मंच है और इन जनप्रतिनिधियों ने इस जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ निभाया है।
शिंदे ने कहा कि इन सांसदों ने विकास, बुनियादी ढांचे, सामाजिक न्याय और जनहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार संसद में प्रभावी हस्तक्षेप किया है। उनके प्रश्नों, बहसों और सक्रिय भागीदारी ने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई है।
विशेष रूप से डॉ. श्रीकांत शिंदे ने संसदीय दल के नेता के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि अन्य सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया।
