
● मुंबई
मुंबई के चर्नी रोड स्थित महाराष्ट्र राज्य जवाहर बालभवन को एक नई पहचान मिली है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बालभवन की नवनिर्मित इमारत का उद्घाटन करते हुए परिसर में ‘मुक्त विज्ञान उद्यान’ विकसित करने की बड़ी घोषणा की।
उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल बच्चों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और नवाचार की भावना को बढ़ावा देगी। उन्होंने मुंबई महानगरपालिका स्कूलों के अधिक से अधिक छात्रों को इस केंद्र से जोड़ने का भी आह्वान किया, ताकि उनके सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिल सके।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, स्कूल शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे, मंत्री मंगलप्रभात लोढा और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने बालभवन की इस नई संरचना को बच्चों के लिए प्रेरणादायक बताया।
नई इमारत अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। भूतल पर आधुनिक ऑडिटोरियम और पुस्तकालय बनाया गया है, जबकि पहले तल पर नृत्य, संगीत और नाट्य कक्ष विकसित किए गए हैं। दूसरे तल पर चित्रकला और मूर्तिकला के लिए विशेष दालान के साथ प्रस्तुति मंच तैयार किया गया है। यहां एक साथ 500 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने की क्षमता है।
