- सेंट्रल रेलवे ने आदेश वापस लिया

● मुंबई
मुंबईकरों की पसंदीदा स्ट्रीट फूड पहचान वड़ा पाव पर फिलहाल महंगाई का असर नहीं पड़ेगा। सेंट्रल रेलवे (सी आर ) ने उपनगरीय रेलवे स्टेशनों पर वड़ा पाव समेत अन्य खाद्य पदार्थों की कीमत बढ़ाने का अपना हालिया निर्णय फिलहाल वापस ले लिया है।
दरअसल, दो दिन पहले ही सेंट्रल रेलवे ने स्टेशनों पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की कीमतों में वृद्धि करने का आदेश जारी किया था। इस फैसले के बाद यात्रियों और आम लोगों में नाराजगी देखने को मिली थी। हालांकि अब रेलवे प्रशासन ने बिना कोई स्पष्ट कारण बताए इस आदेश को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया है।
रेलवे अधिकारियों ने यह नहीं बताया है कि कीमत बढ़ाने का फैसला क्यों वापस लिया गया या भविष्य में संशोधित दरें लागू की जाएंगी या नहीं। इससे यह साफ नहीं है कि यह राहत अस्थायी है या स्थायी।
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में रोजाना लाखों यात्री सफर करते हैं, जिनके लिए सस्ते और जल्दी मिलने वाले खाद्य पदार्थों में वड़ा पाव सबसे लोकप्रिय विकल्प है। ऐसे में कीमत बढ़ने की खबर से आम यात्रियों की जेब पर असर पड़ने की आशंका थी।
फिलहाल, इस फैसले के वापस लिए जाने से यात्रियों को राहत मिली है, लेकिन आगे क्या होगा इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
