
● मुंबई
एसी लोकल ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में लगातार जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मध्य रेलवे द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 26 जनवरी से 20 मई 2026 के बीच एसी लोकल ट्रेनों से करीब 1.50 करोड़ यात्रियों ने सफर किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या लगभग 1 करोड़ थी। यात्रियों की बढ़ती संख्या से यह साफ है कि लोग अब आरामदायक और तेज यात्रा के लिए एसी लोकल को प्राथमिकता दे रहे हैं।
रेलवे के अनुसार वर्ष 2026 में प्रति एसी लोकल सेवा औसतन 1664 यात्रियों ने यात्रा की, जबकि 2025 में यह आंकड़ा 1474 था। यानी प्रति सेवा यात्रियों की संख्या में करीब 12.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों का औसत भी 87,596 से बढ़कर 1,30,075 तक पहुंच गया, जो लगभग 48.5 प्रतिशत अधिक है।
यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए मध्य रेलवे ने एसी लोकल सेवाओं की संख्या भी बढ़ाई है। वर्ष 2025 में 6834 सेवाएं संचालित की गई थीं, जबकि 2026 में यह संख्या बढ़कर 8991 हो गई। मई 2026 से अतिरिक्त 14 सेवाएं शुरू होने के बाद अब कुल 108 एसी लोकल सेवाएं चलाई जा रही हैं।
यात्रियों की संख्या बढ़ने से रेलवे की आय में भी उल्लेखनीय इजाफा हुआ है। दैनिक औसत राजस्व 38.50 लाख रुपए से बढ़कर 56 लाख रुपए तक पहुंच गया है। यह जानकारी मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने प्रेस विज्ञप्ति में दी।
