■ सीएसएमटी पुनर्विकास का असर

● मुंबई
छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) के पुनर्विकास कार्य के कारण प्लेटफॉर्म क्रमांक 16 और 17 पर लिया गया ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक अब 13 जून 2026 तक बढ़ा दिया गया है। मध्य रेलवे ने यात्रियों को पहले से सूचना देते हुए यात्रा की योजना उसी अनुसार बनाने की अपील की है।
बता दें कि रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) द्वारा सीएसएमटी के आधुनिकीकरण और पुनर्विकास का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत प्लेटफॉर्म 16 और 17 पर नींव निर्माण सहित विभिन्न बुनियादी कार्य जारी हैं। यह ब्लॉक पहले 1 फरवरी से 26 अप्रैल 2026 तक लागू था, जिसे बाद में 19 मई तक बढ़ाया गया और अब इसे 13 जून तक आगे बढ़ा दिया गया है।
ब्लॉक के चलते कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को सीएसएमटी तक लाने के बजाय दादर और ठाणे स्टेशन तक ही सीमित किया गया है। दादर स्टेशन तक सीमित रहने वाली ट्रेनों में 12112 अमरावती-सीएसएमटी एक्सप्रेस, 11002 बल्लारशाह-सीएसएमटी नंदीग्राम एक्सप्रेस, 12810 हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस, 11020 भुवनेश्वर-सीएसएमटी कोणार्क एक्सप्रेस, 22144 बीदर-सीएसएमटी एक्सप्रेस, 22108 लातूर-सीएसएमटी एक्सप्रेस तथा 22120 मडगांव-सीएसएमटी तेजस एक्सप्रेस शामिल हैं। वहीं 12134 मंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस को ठाणे स्टेशन तक सीमित किया गया है।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी है।
