■ राजेश विक्रांत की हीरेन्द्र झा से बातचीत
- तकरीबन दो दशक बाद ‘ऑफिस ऑफिस’ नए अवतार में लौट रहा है। गौरतलब है कि पंकज कपूर अभिनीत ‘ऑफिस ऑफिस’ भारतीय टीवी जगत का एक आइकॉनिक शो रहा है। एक बार फिर वही जादू ‘ऑफिस ऑफिस चली मुसद्दी की बेटी’ के रूप में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। 25 मई से इस शो का प्रसारण दूरदर्शन नेशनल पर शुरू हो चुका है। आप इस शो को वेव्स ओटीटी पर भी देख सकते हैं। शो का निर्माण ईगल फिल्म्स ने किया है, जबकि इसके निर्देशक राजन बाघधारे हैं। स्टोरी, स्क्रीनप्ले और संवाद मशहूर लेखक जोड़ी हीरेन्द्र झा और निमिषा दीक्षित ने लिखे हैं।
हीरेन्द्र-निमिषा की इससे पहले दूरदर्शन पर ही एक और चर्चित शो ‘दूर से नमस्ते’ भी आ चुका है। हीरेन्द्र-निमिषा की किताब ‘सेज: सुनंदा पुष्कर की कहानी’ भी बेहद लोकप्रिय रही है। इन दिनों यह जोड़ी कई फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी शोज़ पर काम कर रही है। ‘ऑफिस ऑफिस चली मुसद्दी की बेटी’ के लेखक हीरेन्द्र झा से हमने विस्तार से बातचीत की, जिसे आप यहाँ पढ़ सकते हैं।
सवाल: ‘ऑफिस ऑफिस चली मुसद्दी की बेटी’ के लिए आपको बहुत बधाई। कैसा रिस्पॉन्स मिल रहा है?
हीरेन्द्र: बहुत बढ़िया रिस्पॉन्स मिल रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से लगातार फोन आ रहे हैं। सभी लोग बहुत अच्छी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। खुशी होती है। हमने बचपन में यह शो देखा था। इसके सभी किरदार, चाहे पंकज कपूर साहब हों, मनोज पाहवा हों या संजय मिश्रा, आज लेजेंड बन चुके हैं। एक लेखक के रूप में हम दोनों दोस्तों यानी मेरे और निमिषा के लिए इसके नए सीजन से जुड़ना गर्व की बात है। हमने पूरी कोशिश की है कि उसी जादू को नए और बदलते समय के हिसाब से फिर से रचा जा सके। उम्मीद है कि दर्शकों को यह शो बहुत पसंद आएगा।
सवाल: स्टार कास्ट के बारे में बताइए।
हीरेन्द्र: श्रुति शर्मा जितनी खूबसूरत हैं, उतनी ही टैलेंटेड भी हैं। उन्होंने अनोखी लाल मुसद्दी यानी मुसद्दी की बेटी का किरदार निभाया है। अनुषा मिश्रा भाटिया मैडम बनी हैं। कृष्णा भट्ट पांडे जी की भूमिका में हैं। किसलय शुक्ला ने शुक्ला जी का किरदार निभाया है। चारुल का किरदार गरिमा जैन ने किया है, जबकि पटेल की भूमिका सुमित अरोड़ा निभा रहे हैं। सभी कमाल के कलाकार हैं। पिछले सीजन में जो उषा जी थीं, उनका नाम इस सीजन में बदलकर चारुल रखा गया है। भाटिया का किरदार पहले मनोज पाहवा साहब ने निभाया था, इसलिए इस बार हमने यह ट्विस्ट रखा कि भाटिया एक महिला किरदार हो। अनुषा ने इस भूमिका को बहुत शानदार तरीके से निभाया है।
सवाल: यानी पूरा मजा आने वाला है।
हीरेन्द्र: बिल्कुल। देखिए, जब टीम अच्छी हो तभी शो अच्छा बनता है। हमारे डायरेक्टर राजन बाघधारे कॉमेडी के उस्ताद हैं। उनका विज़न कमाल का है। उन्होंने हम राइटर्स से हमारा बेस्ट निकलवा लिया। राजन सर हमेशा अपने राइटर्स और एक्टर्स, दोनों का हौसला बढ़ाते हैं। उनके होने से इस शो में एक अलग एक्स फैक्टर आ गया है, जिसे दर्शक शो देखते समय महसूस करेंगे। राजन सर जीनियस हैं। और मैं आपको बताऊँ, हमारे प्रोड्यूसर उमेश मेहरा साहब भी एक लीजेंड हैं। उनका भी हमें पूरा सपोर्ट मिला। उन्होंने हम पर भरोसा किया, इसके लिए हम बेहद खुश हैं।
सवाल: शो के दौरान ऐसे कई यादगार पल भी होंगे, जिन्हें आप साझा करना चाहेंगे?
हीरेन्द्र: मुझे याद है, जब दूरदर्शन के लिए हमें इस शो का प्रस्ताव भेजना था। उन दिनों मैं अपने गाँव में था। मेरे नब्बे वर्षीय पिताजी पिछले तीन साल से बिस्तर पर थे। वे बैठ भी नहीं पाते थे, इसलिए मेरा अधिकतर समय उनके साथ ही गुजरता था। उन दिनों मैं मुंबई में कम और गाँव में ज्यादा रहता था। उसी दौरान इस शो के प्रस्ताव की बात आई। फिर करीब दस दिनों तक मैं कमरे से बाहर नहीं निकला। बस बाबूजी को एक-दो बार जाकर देख लेता था। वह दुर्गा पूजा का समय था। अष्टमी के दिन अंततः हम दूरदर्शन को प्रस्ताव भेज पाए। उसके बाद मैंने राहत की साँस ली। बाबूजी को बताया कि दूरदर्शन में एक नए शो का प्रस्ताव गया है, अब देखिए क्या होता है। बाबूजी भी बहुत खुश हुए। उन्होंने बड़े अपनेपन से कहा था- माँ भगवती की कृपा रही तो सब अच्छा होगा। यह साल 2024 की बात है। अगले ही दिन यानी महानवमी को बाबूजी हम सबको छोड़कर चले गए। उनके जाने के तकरीबन डेढ़ साल बाद यह शो आया है। आज वे होते तो बहुत खुश होते। हमारा पिछला शो ‘दूर से नमस्ते’ के सारे एपिसोड्स उन्होंने देखे थे।
सवाल: वाकई यह आपके लिए एक इमोशनल मोमेंट है। अपने दर्शकों से क्या कहना चाहेंगे?
हीरेन्द्र: ‘ऑफिस ऑफिस चली मुसद्दी की बेटी’ यानी हँसी-ठहाकों की पूरी गारंटी। आपको बहुत मज़ा आने वाला है। आपको हर किरदार से प्यार हो जाएगा। ज़ेन जी पीढ़ी भी ‘ऑफिस ऑफिस’ जैसे आइकॉनिक शो को इस नए रूप में देखेगी तो हमारे ऑफिसों का सिस्टम समझ सकेगी, करप्शन से लड़ना सीख सकेगी और अनोखी की तरह सबको सबक सिखा सकेगी। तो सोमवार से शुक्रवार, रात साढ़े आठ बजे, आप यह शो जरूर देखें। धन्यवाद!

