■ हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर मुंबई हिंदी पत्रकार संघ का भव्य समारोह
■ वरिष्ठ पत्रकारों, साहित्यकारों और कलाकारों का हुआ सम्मान

● मुंबई
हिंदी पत्रकारिता की दो शताब्दियों की गौरवपूर्ण यात्रा का उत्सव मनाते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मातृभाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, यह संस्कृति, ज्ञान और जीवन मूल्यों की संवाहक होती है। भारतीय भाषाओं के संरक्षण, मातृभाषा आधारित शिक्षा और मूल्यनिष्ठ पत्रकारिता को राष्ट्र निर्माण के लिए अनिवार्य बताते हुए उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने देश को नई दिशा देने और जनचेतना जाग्रत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है।

मुंबई हिंदी पत्रकार संघ द्वारा हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री फडणवीस मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कौशल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, मुंबई भाजपा अध्यक्ष-विधायक अमित साटम, विधायक राजहंस सिंह, विधायक मुरजी पटेल, विधायक संजय उपाध्याय तथा श्री सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी सहित विभिन्न क्षेत्रों की अनेक प्रमुख हस्तियां उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का इतिहास स्वतंत्रता आंदोलन से गहराई से जुड़ा रहा है। ‘उदन्त मार्तण्ड’ से प्रारंभ हुई इस यात्रा ने सामाजिक परिवर्तन, राष्ट्रीय एकता और जनजागरण को निरंतर गति दी। स्वतंत्रता संग्राम के दौर में पत्रकारिता ने राष्ट्रभक्ति की भावना को जीवित रखने और जनता को संगठित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मीडिया के बदलते परिदृश्य पर चर्चा करते हुए फडणवीस ने कहा कि आज सूचना के अनेक माध्यम उपलब्ध हैं और खबरें पहले से कहीं अधिक तेजी से प्रसारित हो रही हैं। इसके बावजूद पत्रकारिता की वास्तविक शक्ति उसकी विश्वसनीयता और सत्यनिष्ठा में निहित है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी विश्व की प्रमुख भाषाओं में से एक है और लोगों को जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने हिंदी पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा की सराहना करते हुए इसके योगदान को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया।

समारोह में हिंदी पत्रकारिता और समाज जीवन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकार गंगाधर ढोबले, हेमंत तिवारी, कुमुद संघवी चावरे, विनीत कुमार सिंह और अवधेश व्यास को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया गया। साथ ही प्रो. राममोहन पाठक तथा सुप्रसिद्ध गायक सुरेश शुक्ला का भी विशेष सम्मान किया गया।

कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के महासचिव विजय सिंह ‘कौशिक’ ने संघ की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह को सफल बनाने में राजकुमार सिंह, सुरेंद्र मिश्र, हरिगोविंद विश्वकर्मा, सैयद सलमान, अखिलेश तिवारी, अखिलेश मिश्रा और अशोक शुक्ल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

