
● पनवेल
संत निरंकारी मिशन की ओर से मानवता की सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत 31 मई 2026 को सेक्टर-18 स्थित के.आ. बांठिया हाईस्कूल, न्यू पनवेल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 128 निरंकारी भक्तों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी योगदान दिया। रक्त संकलन का कार्य संत निरंकारी ब्लड बैंक, विलेपार्ले, मुंबई की टीम द्वारा किया गया।
शिविर का शुभारंभ निरंकार परमात्मा की प्रार्थना के साथ स्थानीय मुखी एवं सेवादल अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री भगवान शिवदास माली ने शिविर का शिष्टाचार भेंट कर आयोजन की सराहना की। उल्लेखनीय है कि उसी दिन वे नियत आयु पूर्ण होने पर सेवा निवृत्त हुए। उनके स्थान पर नवनियुक्त प्राचार्य श्री सोपान शेंडगे ने भी शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं और आयोजकों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने संत निरंकारी मिशन द्वारा मानव मूल्यों, निस्वार्थ सेवा और विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूत करने के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे अभियान समाज में संवेदनशीलता और परस्पर सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं।
स्थानीय मुखी श्री माणिक धर्माधिकारी के मार्गदर्शन एवं देखरेख में आयोजित इस रक्तदान शिविर को सफल बनाने में संत निरंकारी सेवादल के स्वयंसेवकों तथा संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, सेवा भावना और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। मिशन के पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
