● पिछले वर्ष से अधिक दिनों तक समुद्र दिखाएगा रौद्र रूप, बीएमसी ने नागरिकों और मछुआरों को किया सतर्क

● मुंबई
इस साल मानसून के दौरान मुंबई में समुद्र का रौद्र रूप ज्यादा दिनों तक देखने को मिलेगा। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बी एम सी ) के अनुसार, इस बार कुल 24 दिन ‘हाई टाइड’ (उच्च ज्वार) की स्थिति बनेगी, जो पिछले साल के 19 दिनों से अधिक है।
नगर निगम के मुताबिक, ‘हाई टाइड’ उस स्थिति को कहा जाता है जब समुद्री लहरों की ऊंचाई 4.5 मीटर से अधिक हो जाती है। इस वर्ष सबसे ऊंचा ज्वार 16 जुलाई को आने की संभावना है, जब लहरें करीब 4.89 मीटर तक पहुंच सकती हैं। यह ज्वार दोपहर करीब 1:36 बजे दर्ज होने का अनुमान है।
महीनों के हिसाब से देखें तो जून और जुलाई में 6-6 दिन, अगस्त में 5 दिन और सितंबर में 7 दिन हाई टाइड की स्थिति बनेगी। खासकर 14 से 19 जून के बीच समुद्री लहरें 4.64 से 4.87 मीटर तक ऊंची उठ सकती हैं, जिसे लेकर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे हाई टाइड के दौरान समुद्र किनारे जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। वहीं मछुआरा समुदाय को भी चेतावनी दी गई है कि वे अपनी नौकाओं को सुरक्षित स्थानों पर रखें और चट्टानी किनारों से दूर बांधें, ताकि किसी भी तरह के नुकसान से बचा जा सके।
प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान हाई टाइड और भारी बारिश के एक साथ आने से जलभराव की स्थिति और गंभीर हो सकती है, इसलिए नागरिकों को सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
