● बिजली कंपनियों की अपील-संयमित उपयोग करें, छोटी-छोटी सावधानियों से बचाई जा सकती है ऊर्जा

● मुंबई
मुंबई और आसपास के इलाकों में बढ़ती गर्मी के कारण एयर कंडीशनर (ए सी ) का उपयोग तेजी से बढ़ गया है। लेकिन इसका सीधा असर अब बिजली आपूर्ति पर दिखाई देने लगा है। अधिक बिजली खपत की वजह से बिजली ग्रिड पर भारी दबाव पड़ रहा है, जिससे कई क्षेत्रों में बार-बार पावर कट की समस्या सामने आ रही है। इसका सबसे ज्यादा असर आम नागरिकों पर पड़ रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर इसी तरह अनियंत्रित रूप से बिजली का उपयोग जारी रहा, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। कई जगहों पर ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड होने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे तकनीकी खराबी और आपूर्ति बाधित होने का खतरा बढ़ गया है।
मुंबई में बिजली सप्लाई करने वाली कंपनियां जैसे अडानी इलेक्ट्रिसिटी और बेस्ट ने भी नागरिकों से अपील की है कि वे बिजली का उपयोग सोच-समझकर करें, ताकि पूरे शहर में आपूर्ति संतुलित बनी रहे।
बिजली बचाने के लिए कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं। एसी का तापमान 24 डिग्री या उससे अधिक रखने से बिजली की खपत कम होती है। एसी के साथ पंखा चलाने से कम समय में कमरा ठंडा होता है, जिससे ऊर्जा की बचत होती है। इसके अलावा, एसी चलाते समय दरवाजे और खिड़कियां बंद रखना चाहिए, ताकि ठंडी हवा बाहर न जाए। नियमित रूप से एसी की सर्विसिंग और फिल्टर की सफाई भी जरूरी है, क्योंकि गंदे फिल्टर से मशीन ज्यादा बिजली खपत करती है।
