
▪️मुंबई। महाराष्ट्र के प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में दिवाली के अवसर पर 2 से 14 नवंबर 2026 तक 13 दिन का अवकाश घोषित किया गया है। राज्य के शिक्षा विभाग ने छुट्टियों का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। छुट्टियों के बाद सोमवार, 16 नवंबर से स्कूलों में नियमित कक्षाएं फिर शुरू होंगी। इसी दिन शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के दूसरे सत्र की शुरुआत भी होगी।
पहला शैक्षणिक सत्र 15 जून से 31 अक्टूबर तक चलेगा। दूसरा सत्र 16 नवंबर 2026 से 1 मई 2027 तक निर्धारित है। इसके बाद 3 मई से 14 जून 2027 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा।
दिवाली की छुट्टियों के दौरान 6 नवंबर को धनतेरस, 10 नवंबर को दिवाली पड़वा और बलिप्रतिपदा तथा 11 नवंबर को भाई दूज के प्रमुख त्योहार पड़ेंगे।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्कूल प्रबंधन अपनी ओर से छुट्टियों की तारीखों में बदलाव नहीं कर सकेंगे। स्थानीय त्योहारों या अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण कार्यक्रम में बदलाव करना आवश्यक होने पर संबंधित स्कूलों को शिक्षा विभाग से पूर्व अनुमति लेनी होगी।
