- क्राइस्टचर्च @न्यूजीलैंड
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टी-20 मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने पावरप्ले में सबसे ज्यादा डॉट गेंदें डालने के मामले में न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउदी को पीछे छोड़ दिया।

न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में भुवनेश्वर ने अपनी शुरुआती गेंदों से ही यह उपलब्धि हासिल की। वह पूर्ण सदस्य देशों की टीमों के गेंदबाजों में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के पावरप्ले में सर्वाधिक डॉट गेंदें डालने वाले गेंदबाज बन गए। उनके नाम अब तक 680 डॉट गेंदें दर्ज हैं, जबकि टिम साउदी ने 679 डॉट गेंदें डाली थीं।
इस सूची में जिम्बाब्वे के रिचर्ड नगारवा 674 डॉट गेंदों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी 625 और जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी 614 डॉट गेंदों के साथ अगले स्थानों पर हैं। भारतीय गेंदबाज अर्शदीप सिंह 576 और जसप्रीत बुमराह 569 डॉट गेंदों के साथ क्रमशः छठे और सातवें स्थान पर हैं।
भुवनेश्वर कुमार ने लगभग चार साल बाद टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की। उनका पिछला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ था। हालांकि, रिकॉर्ड बनाने के बावजूद पहले टी-20 मुकाबले में उनकी गेंदबाजी महंगी रही। उन्होंने चार ओवर में 49 रन दिए और कोई विकेट हासिल नहीं किया।
