
- मुंबई
शहर में बढ़ती अवैध पार्किंग और ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए बीएमसी और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से अहम कदम उठाया है। इसके तहत सार्वजनिक पार्किंग लॉट को बेहतर और व्यवस्थित बनाया जा रहा है। साथ ही, पार्किंग लॉट के बाहर की सड़कों पर लाल-काले रंग के कर्ब बनाने की योजना पर विचार किया जा रहा है, जिससे वाहन चालकों को ‘नो-पार्किंग ज़ोन’ का स्पष्ट संकेत मिल सके।
अधिकारियों के अनुसार, शहर में कई जगह पार्किंग लॉट उपलब्ध होने के बावजूद लोग सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे ट्रैफिक बाधित होता है। इसी समस्या को दूर करने के लिए अब पार्किंग सुविधाओं को अधिक आकर्षक, सुरक्षित और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया जा रहा है, ताकि लोग स्वेच्छा से इनका इस्तेमाल करें।
इस बीच ट्रैफिक पुलिस ने भी सख्त रुख अपनाया है। पिछले 15 दिनों में करीब 84,000 वाहनों पर कार्रवाई की गई है, जिनमें अवैध पार्किंग करने वालों पर जुर्माना और कई मामलों में वाहनों को टो करना शामिल है।
प्रस्तावित लाल-काले कर्ब सड़क किनारे पार्किंग को हतोत्साहित करेंगे और लोगों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित करेंगे। अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा, सड़कों पर जाम कम होगा और शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
