- पब्लिक ट्रांसपोर्ट डे: बीकेसी से हुई शुरुआत

- मुंबई
मुंबई के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में मुंबई मेट्रोपोलीटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी ने ‘पब्लिक ट्रांसपोर्ट डे’ की शुरुआत की है। इस पहल के तहत हर शुक्रवार को बीकेसी में काम करने वाले कर्मचारियों और नागरिकों को निजी वाहनों का उपयोग कम कर सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
यह पहल ‘बीकेसी वीकली पब्लिक ट्रांसपोर्ट डे’ के नाम से शुरू की गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य ट्रैफिक जाम को कम करना और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देना है। एम एम आर डी ए के मेट्रोपॉलिटन कमिश्नर डॉ. संजय मुखर्जी के अनुसार, यह पूरी तरह स्वैच्छिक पहल है और इसमें किसी तरह की अनिवार्यता नहीं रखी गई है। इसे जनभागीदारी के आधार पर सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत लोगों से अपील की गई है कि वे निजी कार या बाइक के बजाय मुंबई मेट्रो, बस सेवाओं, कारपूलिंग या पैदल चलने जैसे विकल्पों का उपयोग करें। इससे न केवल ट्रैफिक का दबाव कम होगा, बल्कि प्रदूषण में भी कमी आएगी और शहर में टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
एम एम आर डी ए के अनुसार, इस पहल को शुरुआती स्तर पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। हालांकि, इसका वास्तविक प्रभाव आने वाले हफ्तों में देखने को मिलेगा। आज शुक्रवार को भागीदारी के स्तर और लोगों के व्यवहार में बदलाव का आकलन किया जाएगा।
