
- मुंबई
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के लगातार 4,399 दिनों के ऐतिहासिक कार्यकाल पर महाराष्ट्र की ओर से उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे देश के परिवर्तनकारी दौर का प्रतीक बताया।
महाराष्ट्र सदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए फडणवीस ने कहा कि यह अवधि केवल एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत के व्यापक सामाजिक और आर्थिक उत्थान की कहानी है। उन्होंने कहा कि इस दौरान करोड़ों नागरिकों को गरीबी के दायरे से बाहर लाने में सफलता मिली, वहीं सड़क, रेल, बंदरगाह, हवाई अड्डों और अन्य आधुनिक बुनियादी सुविधाओं के विकास ने देश की प्रगति को नई गति दी है। आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिया गया ‘आत्मनिर्भर भारत’ का संकल्प अब धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है। रक्षा क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय आत्मनिर्भरता हासिल की है और अब भारत रक्षा उपकरणों के निर्यातक देशों की श्रेणी में शामिल हो चुका है। डिजिटल क्रांति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यूपीआई और डिजिटल भुगतान प्रणालियों ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
फडणवीस ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से महाराष्ट्र में कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को नई गति मिली है। मेट्रो नेटवर्क का विस्तार, नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का विकास, सिंचन योजनाएं और आधुनिक राजमार्ग परियोजनाएं राज्य की विकास यात्रा को मजबूत बना रही हैं। उन्होंने 2015 के भीषण सूखे के समय शुरू की गई ‘जलयुक्त शिवार’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी पहलों ने जल संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 36 हजार करोड़ रुपए की कर्जमाफी योजना लागू कर रही है, जिसके तहत 2 लाख रुपए तक का कृषि ऋण पूर्णतः माफ किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है और कृत्रिम कमी या कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
