- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले शुरुआत

▪️ मुंबई
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के उपलक्ष्य में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) ने ‘खादी इंडिया’ के तहत विशेष ‘स्वधा’ वेलनेस वियर कलेक्शन लॉन्च किया। खादी उत्कृष्टता केंद्र द्वारा विकसित इस कलेक्शन का शुभारंभ केवीआईसी के अध्यक्ष मनोज गोयल ने नई दिल्ली के हौज खास स्थित राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान परिसर में किया।
इस अवसर पर मनोज गोयल ने कहा कि योग और खादी भारतीय जीवन दर्शन तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2014 में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया था, जो आज पूरी दुनिया में मनाया जाता है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए ‘स्वधा’ कलेक्शन तैयार किया गया है, जो योग और खादी जैसी भारत की दो महत्वपूर्ण विरासतों को एक साथ जोड़ता है।
उन्होंने कहा कि ‘स्वधा’ शब्द अथर्ववेद से लिया गया है, जिसका अर्थ सहजता, आराम और आत्मिक संतुष्टि है। कलेक्शन में नौ विशेष परिधान शैलियां शामिल हैं, जिन्हें योगाभ्यास और दैनिक उपयोग दोनों के लिए डिजाइन किया गया है। अधिकांश परिधान फ्री-साइज़ और जेंडर-न्यूट्रल हैं।
इस कलेक्शन के लिए गांधीग्राम खादी एंड वी.आई. पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट (तमिलनाडु), पय्यानूर फिरका ग्रामोदय खादी संघ (केरल) तथा क्षेत्रीय पंजाब खादी मंडल (पंजाब) द्वारा उत्पादित खादी का उपयोग किया गया है।
मनोज गोयल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र ने 1.87 लाख करोड़ रुपए की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की है और अब 2.51 लाख करोड़ रुपए के कारोबार का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में यह क्षेत्र देशभर में लगभग 2.04 करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रहा है। कार्यक्रम में केवीआईसी, सीओईके और निफ्ट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
