
▪️ नई दिल्ली
केंद्र सरकार ने भारतीय सेना के अगले प्रमुख के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ की नियुक्ति की घोषणा की है। वह भारतीय सेना के 31वें चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ का दायित्व संभालेंगे और वर्तमान सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी का स्थान लेंगे। सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, लेफ्टिनेंट जनरल सेठ शीघ्र ही नए सेना प्रमुख के रूप में कार्यभार ग्रहण करेंगे।
वर्तमान में वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के पद पर कार्यरत लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ भारतीय सेना के सबसे अनुभवी और सम्मानित अधिकारियों में शामिल हैं। जनरल उपेंद्र द्विवेदी का कार्यकाल जून 2026 में पूर्ण हो रहा है, जिसके बाद सेना की कमान लेफ्टिनेंट जनरल सेठ के हाथों में होगी।
दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन प्राप्त करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल सेठ का सैन्य जीवन लगभग चार दशकों तक फैला हुआ है। इस दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी सीमा और रेगिस्तानी क्षेत्रों सहित कई संवेदनशील और रणनीतिक मोर्चों पर नेतृत्व की जिम्मेदारियां निभाईं। वे दक्षिण-पश्चिमी कमान तथा दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ भी रह चुके हैं।
सैन्य संचालन के साथ-साथ उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के अंगोला शांति मिशन, सेना मुख्यालय और सैन्य क्षमता विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दी हैं। लेफ्टिनेंट जनरल सेठ ने नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए), इंडियन मिलिट्री एकेडमी (आईएमए), डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज और नेशनल डिफेंस कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
उत्कृष्ट नेतृत्व, रणनीतिक दृष्टि और विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल, उत्तम युद्ध सेवा मेडल तथा अति विशिष्ट सेवा मेडल सहित कई प्रतिष्ठित सैन्य सम्मानों से अलंकृत किया जा चुका है।
