
▪️ मुंबई
मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने नागरिकों की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निवारण के उद्देश्य से एकीकृत शिकायत प्रबंधन प्रणाली ‘MyBMC MARG’ को शुरू किया है। अब शहर की सड़कों पर बने गड्ढों से संबंधित शिकायतें भी इसी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज की जा सकेंगी।
इससे पहले गड्ढों की शिकायतों के लिए उपयोग किए जाने वाले ‘Pothole QuickFix’ मोबाइल ऐप को अब ‘MyBMC MARG’ प्रणाली में समाहित कर दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप नागरिक अब केवल गड्ढों की ही नहीं, बल्कि ठोस कचरा प्रबंधन, सीवरेज, जलापूर्ति, सड़कों के रखरखाव, उद्यानों, सार्वजनिक स्वास्थ्य, कीट नियंत्रण, अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कुल 114 प्रकार की शिकायतें एक ही मंच पर दर्ज कर सकेंगे।
इस प्रणाली के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं, उससे संबंधित तस्वीरें अपलोड कर सकते हैं, शिकायत की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा संबंधित विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई की प्रगति पर भी नजर रख सकते हैं। शिकायत के निस्तारण के बाद उसकी पूरी जानकारी भी नागरिकों को उपलब्ध कराई जाएगी।
महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गड्ढों से संबंधित शिकायत दर्ज करते समय गड्ढे की स्पष्ट तस्वीर, सही स्थान और आवश्यक विवरण अवश्य दें, ताकि संबंधित विभाग तत्काल मरम्मत की कार्रवाई कर सके। इससे गड्ढों को भरने और सड़कों की मरम्मत की प्रक्रिया और अधिक तेज एवं प्रभावी हो सकेगी।
बीएमसी ने मुंबईवासियों से आग्रह किया है कि वे सड़कों पर बने गड्ढों सहित अन्य सभी नागरिक शिकायतें ‘MyBMC MARG’ प्रणाली के माध्यम से ही दर्ज करें, जिससे शिकायतों के पंजीकरण से लेकर उनके समाधान तक की पूरी प्रक्रिया अधिक नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी और सुगम बन सके।
