▪️ बेस्ट खरीदेगा 1,500 नई एसी मिडी बसें

▪️मुंबई
मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट ) ने बड़ा कदम उठाया है। मेट्रो नेटवर्क के विस्तार के साथ “लास्ट माइल कनेक्टिविटी” सुधारने के उद्देश्य से बेस्ट ने 1,500 नई एसी मिनी बसें खरीदने की योजना बनाई है। ये बसें खास तौर पर मेट्रो स्टेशनों से आसपास के इलाकों को जोड़ने वाले फीडर रूट्स पर चलाई जाएंगी।
जानकारी के अनुसार, इस योजना को केंद्र सरकार से भी वित्तीय सहयोग मिलने की संभावना है। बेस्ट का लक्ष्य वर्ष 2027 तक अपने बस बेड़े को बढ़ाकर 7,000 तक पहुंचाना है। वर्तमान में बसों की संख्या में कमी के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिसे देखते हुए यह विस्तार बेहद जरूरी माना जा रहा है।
मिनी बसें आकार में छोटी (करीब 9 मीटर) होती हैं, जिससे वे संकरी सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में आसानी से संचालित की जा सकती हैं। यही वजह है कि इन्हें मेट्रो और रेलवे स्टेशनों के आसपास के क्षेत्रों के लिए सबसे उपयुक्त माना जा रहा है। इन बसों के संचालन से यात्रियों को स्टेशनों तक पहुंचने में अधिक सुविधा होगी और यात्रा समय भी कम होगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से निजी वाहनों पर निर्भरता घटेगी और पर्यावरण को भी फायदा मिलेगा। साथ ही, मेट्रो सेवाओं का उपयोग बढ़ेगा, जिससे शहर की ट्रैफिक समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
