
▪️ मुंबई
मुंबई में किफायती आवास की बढ़ती मांग एक बार फिर सामने आई है। महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (म्हाडा ) की मुंबई बोर्ड लॉटरी 2026 को इस बार जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। गोरेगांव, विक्रोली और बोरीवली जैसे प्रमुख उपनगरों में उपलब्ध प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य किफायती आवास परियोजनाओं के फ्लैट्स के लिए हजारों लोगों ने आवेदन किया है।
इस लॉटरी में कुल 2,640 फ्लैट उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि आवेदन करने वालों की संख्या 97,000 से अधिक पहुंच गई है। इससे साफ है कि मुंबई में किफायती घरों की मांग और आपूर्ति के बीच बड़ा अंतर लगातार बना हुआ है। खासकर मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोग इस योजना को घर खरीदने का सबसे बड़ा अवसर मान रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, उपलब्ध फ्लैट्स में से बड़ी संख्या अभी निर्माणाधीन है और लगभग 1,700 से अधिक यूनिट्स गोरेगांव, विक्रोली और बोरीवली जैसे इलाकों में स्थित हैं। गोरेगांव वेस्ट जैसे क्षेत्रों में सीमित यूनिट्स होने के बावजूद भारी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।
इस योजना में ई डबल्यू एस, एल आई जी, एम आई जी और एच आई जी श्रेणियों के लिए अलग-अलग फ्लैट शामिल किए गए हैं। कीमतें लगभग 29 लाख रुपए से शुरू होकर उच्च आय वर्ग के लिए करोड़ों रुपए तक जाती हैं। इससे सभी आय वर्ग के लोगों को इसमें भाग लेने का अवसर मिल रहा है।
