▪️ होटलों में मुफ्त पानी, साफ रसोई और सुरक्षित भोजन अनिवार्य वरना कार्रवाई

- मुंबई
महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने राज्य के होटल, रेस्तरां और भोजनालयों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर खाद्य प्रतिष्ठानों के लिए नए दिशा-निर्देश लागू किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य ग्राहकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है।
नई व्यवस्था के तहत सभी होटल और रेस्तरां को ग्राहकों के लिए नि:शुल्क स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना होगा। साथ ही रसोईघर की नियमित सफाई, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना अनिवार्य किया गया है।
एफडीए ने यह भी निर्देश दिया है कि रसोई में कार्यरत कर्मचारी साफ वर्दी पहनें, खाद्य सामग्री को ढंककर रखें और स्वास्थ्य संबंधी नियमों का पालन करें। विभाग समय-समय पर निरीक्षण करेगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में एफडीए पहले से ही मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चला रहा है। अब स्वच्छता और ग्राहक सुविधाओं को लेकर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
एफडीए का मानना है कि इन उपायों से भोजनालयों में स्वच्छता का स्तर सुधरेगा और उपभोक्ताओं का स्वास्थ्य अधिक सुरक्षित रहेगा। विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी प्रशासन को दें।
