
▪️ मुंबई
कुछ दिनों की सुस्ती के बाद महाराष्ट्र में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के 22 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें विदर्भ के चंद्रपुर और गडचिरोली जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि शेष 20 जिलों को येलो अलर्ट की श्रेणी में रखा गया है।
रविवार रात से ही मुंबई, ठाणे और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। ठाणे में केवल एक घंटे के भीतर लगभग 29 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। हालांकि, निचले इलाकों में जलभराव की आशंका भी बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में वर्तमान में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जिसके कारण बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। कोकण, विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

28 जून से 4 जुलाई के बीच कोकण और गोवा क्षेत्र में कई स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान है, जबकि मध्य महाराष्ट्र में भी कुछ जगहों पर तेज बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं देश के अन्य हिस्सों जैसे गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और उत्तर प्रदेश में भी मानसून का विस्तार तेजी से जारी है।
इस बारिश से किसानों के चेहरों पर राहत की मुस्कान लौट आई है, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां सूखे की स्थिति बनी हुई थी। खेतों में फिर से हरियाली लौटने लगी है। हालांकि, मौसम विभाग ने बिजली गिरने और तेज हवाओं के मद्देनज़र लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
