● सऊदी अरब में शुरू हुआ नया प्रयोग

रियाद।
सऊदी अरब ने उत्तरी नौफद रेगिस्तान में यात्रियों की सुरक्षा के लिए एक अनोखी पहल की है। पर्यावरण कार्यकर्ता मोहम्मद अल-सुहैमान अल-रम्माली की पहल पर शुरू की गई इस योजना के तहत रेगिस्तान में जल स्रोतों के पास सौर ऊर्जा से संचालित लेजर बीकन लगाए जा रहे हैं। ये बीकन रात के समय हरी रोशनी छोड़ते हैं, जिससे खोए हुए या दिशा भटके यात्रियों को पानी तक पहुंचने में मदद मिलती है।
पहले चरण में 11 बीकन लगाए जा चुके हैं और आगे 100 बीकन स्थापित करने की योजना है। यह प्रणाली विशेष रूप से उन लोगों के लिए उपयोगी है जो तकनीकी उपकरणों से लैस नहीं होते। न तो जीपीएस की जरूरत, न ही इंटरनेट की सिर्फ आंखों से दिखने वाली एक भरोसेमंद रोशनी।
इस पहल को रेगिस्तान की विकट परिस्थितियों में परंपरागत ज्ञान और आधुनिक तकनीक के संगम के रूप में देखा जा रहा है। यह परियोजना न केवल जान बचाने में मददगार होगी बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी है क्योंकि इसमें सौर ऊर्जा का उपयोग किया गया है और रख-रखाव बेहद कम है।