ग्रह-नक्षत्रों की चाल इस सप्ताह कई राशियों के लिए नए अवसर लेकर आ रही है, जबकि कुछ राशियों को आर्थिक मामलों, स्वास्थ्य और रिश्तों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता होगी। जानिए, आपकी राशि के लिए यह सप्ताह क्या संकेत दे रहा है।
मेष राशि सप्ताह की शुरुआत में कार्यों की गति धीमी रहेगी, लेकिन सप्ताह के मध्य के बाद नई जिम्मेदारियां मिलने के साथ सफलता के योग बनेंगे। शुरुआती दिनों में बढ़ते खर्च मानसिक तनाव दे सकते हैं। इसलिए बजट बनाकर चलना आपके लिए लाभदायक रहेगा। भाई-बहनों से बातचीत करते समय वाणी पर संयम रखें, ताकि अनावश्यक विवाद से बचा जा सके। अत्यधिक कार्यभार के कारण थकान और सिरदर्द की शिकायत हो सकती है। पर्याप्त आराम अवश्य करें।
वृषभ राशि मंगल के प्रभाव से आपकी ऊर्जा और आत्मविश्वास ऊंचा रहेगा, जिससे कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत रंग लाएगी। व्यापार में धीरे-धीरे लेकिन स्थायी लाभ के योग बनेंगे। पुराना अटका हुआ धन भी वापस मिल सकता है। परिवार के वरिष्ठ सदस्यों और बड़े भाई-बहनों का पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन मिलेगा। खान-पान में लापरवाही के कारण सप्ताह के मध्य में पाचन संबंधी समस्या और नींद प्रभावित हो सकती है। स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
मिथुन राशि वक्री बुध के प्रभाव से इस सप्ताह पैसों के लेनदेन और महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करते समय विशेष सावधानी बरतें। पुराने व्यावसायिक संपर्क और मित्र दोबारा सक्रिय होंगे, जो आपके करियर के लिए लाभदायक साबित हो सकते हैं। पारिवारिक जीवन में मधुरता बनी रहेगी तथा जीवनसाथी के साथ संबंध और अधिक मजबूत होंगे। छोटी-छोटी बातें मानसिक तनाव का कारण बन सकती हैं। मन को शांत रखने के लिए ध्यान और योग का सहारा लें।
कर्क राशि गुरु की विशेष कृपा से आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा और कार्यक्षेत्र में आपकी सलाह को महत्व मिलेगा। सप्ताह की शुरुआत में यात्राओं या साझेदारी से जुड़े कार्यों पर खर्च बढ़ सकता है, लेकिन परिणाम सकारात्मक रहेंगे। किसी भी असमंजस की स्थिति में जीवनसाथी और पिता तुल्य बुजुर्गों का मार्गदर्शन आपके लिए लाभकारी रहेगा। कार्यों की व्यस्तता के बीच सप्ताह के मध्य में पेट संबंधी परेशानी हो सकती है। अपनी दिनचर्या संतुलित रखें।
सिंह राशि शुक्र का आपकी राशि में प्रवेश आपके व्यक्तित्व का आकर्षण बढ़ाएगा और नौकरी तथा व्यापार में नए संपर्कों के अवसर प्रदान करेगा। पैतृक संपत्ति या रुके हुए भुगतानों से जुड़ी कोई शुभ सूचना आपको राहत दे सकती है। संतान पक्ष से सुखद समाचार मिलेगा। हालांकि, पुराने कर्ज या कानूनी मामलों में सावधानी बरतें। वाहन चलाते समय सतर्क रहें तथा आंखों और त्वचा का विशेष ध्यान रखें।
कन्या राशि कार्यक्षेत्र में आपका अनुशासन और प्रबंधन कौशल आपकी सबसे बड़ी ताकत साबित होगा, जिससे रुके हुए कार्य गति पकड़ेंगे। व्यापारिक साझेदारी और नए समझौतों को अंतिम रूप देने के लिए यह सप्ताह अनुकूल रहेगा। घर-परिवार में जीवनसाथी का भरपूर सहयोग मिलेगा और आपसी तालमेल बेहतर होगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में कार्यभार बढ़ने से चिड़चिड़ापन और अनिद्रा की समस्या हो सकती है। समय-समय पर विश्राम अवश्य करें।
तुला राशि मार्केटिंग, लेखन और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों के लिए यह सप्ताह रचनात्मक और प्रगतिशील रहेगा। सप्ताह की शुरुआत में बने नए संपर्क भविष्य में आर्थिक लाभ और नए अवसर प्रदान करेंगे। सप्ताह के मध्य में माता के स्वास्थ्य या घरेलू सुख-सुविधाओं पर अधिक खर्च होने की संभावना है। सप्ताहांत तक जीवनसाथी के सहयोग से कोई पुरानी वित्तीय समस्या सुलझ जाएगी।
वृश्चिक राशि कार्यक्षेत्र में जल्दबाजी से बचें। मेहनत का पूरा फल मिलेगा, लेकिन थोड़ा धैर्य रखना होगा। व्यापार में नई रणनीतियां और योजनाएं बनाने के लिए समय अनुकूल है। निवेश सोच-समझकर ही करें। संपत्ति या दीर्घकालिक निवेश के मजबूत योग बन रहे हैं तथा परिवार में किसी मांगलिक कार्य की चर्चा हो सकती है। कार्यस्थल का तनाव घर तक न लाएं, अन्यथा मानसिक अशांति और रक्तचाप की समस्या बढ़ सकती है।
धनु राशि करियर में उन्नति और आर्थिक लाभ के इस सप्ताह मजबूत संकेत मिल रहे हैं।नया काम या स्टार्टअप शुरू करने में वरिष्ठों और पुराने मित्रों का अप्रत्याशित सहयोग मिलेगा। परिवार में आपसी तालमेल बना रहेगा तथा किसी पुराने मित्र से मुलाकात मन को प्रसन्न करेगी। स्वास्थ्य में सुधार होगा और आप स्वयं को ऊर्जा से भरपूर महसूस करेंगे।
मकर राशि कार्यक्षेत्र में अपनी योजनाओं को गोपनीय रखें और प्रतिस्पर्धियों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखें। नौकरी में स्थानांतरण के योग बन सकते हैं, जो भविष्य के लिए लाभदायक सिद्ध होंगे। इस सप्ताह अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखें, अन्यथा मासिक बजट प्रभावित हो सकता है। जीवनसाथी के साथ संवाद में स्पष्टता रखें तथा पैरों या हड्डियों से जुड़ी पुरानी समस्या की अनदेखी न करें।
कुंभ राशि इस सप्ताह अचानक धन लाभ के अवसर मिल सकते हैं। आपका आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी मजबूत होगी। कार्यालय में किसी बड़े प्रोजेक्ट या टीम का नेतृत्व करने का अवसर मिल सकता है, जिससे आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी। परिवार के साथ किसी धार्मिक स्थल या छोटी दूरी की यात्रा का योग बनेगा, जिससे मानसिक शांति मिलेगी। स्वास्थ्य सामान्यतः अच्छा रहेगा। बदलते मौसम के कारण गले से संबंधित छोटी-मोटी परेशानी से बचाव करें।
मीन राशि व्यापार या करियर से जुड़ा कोई भी बड़ा निर्णय जल्दबाजी में लेने से बचें। सहकर्मियों और साझेदारों के साथ बातचीत में स्पष्टता बनाए रखें, ताकि किसी प्रकार की गलतफहमी न हो। वित्तीय मामलों में उतार-चढ़ाव संभव है। इसलिए धन का संचय करें और अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखें। पारिवारिक वातावरण में थोड़ी तनातनी हो सकती है, लेकिन आपकी समझदारी और नरम व्यवहार से स्थिति जल्द सामान्य हो जाएगी।