
▪️ मुंबई
मुंबई में भारी बारिश के खतरे को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बड़ा फैसला लिया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ऑरेंज अलर्ट के बाद सोमवार, 6 जुलाई 2026 को शहर के सभी सरकारी, निजी और महानगरपालिका संचालित स्कूलों तथा महाविद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
मौसम विभाग ने सोमवार को मुंबई महानगर क्षेत्र में भारी से अत्यधिक बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इसी के मद्देनज़र बीएमसी ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह एहतियाती निर्णय लिया है।
हालांकि, सरकारी और निजी कार्यालयों का कामकाज सामान्य रूप से जारी रहेगा। कर्मचारियों को नियमित समय पर कार्यालय पहुंचना होगा।
बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। निचले इलाकों, जलभराव वाले मार्गों और समुद्र तटों से दूरी बनाए रखें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी ताजा निर्देशों का पालन करें।
