▪️ कल से खिल सकती है धूप

▪️ मुंबई
दो दिनों तक मूसलाधार बारिश की मार झेलने के बाद बुधवार को मुंबईवासियों को कुछ राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शहर के लिए ऑरेंज अलर्ट हटाकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही स्कूल, कॉलेज और कार्यालय बंद रहने की अफवाहों पर भी विराम लग गया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने स्पष्ट किया है कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान या कार्यालय में अवकाश घोषित नहीं किया गया है और सभी संस्थान सामान्य रूप से संचालित होंगे। 9 तारीख या उसके बाद धूप भी कहने के आसार हैं।
इस बीच बीएमसी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित छुट्टी संबंधी संदेशों को भ्रामक बताते हुए नागरिकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल निर्णय लिया जाएगा।
हालांकि बारिश की तीव्रता में कमी आई है, फिर भी निचले इलाकों में जलभराव और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने, जलभराव वाले मार्गों से बचने और बिना पुष्टि के वायरल संदेशों को साझा न करने की सलाह दी है। पिछले दो दिनों की बारिश के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ था, लेकिन बुधवार को शहर की रफ्तार फिर सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।
