
▪️मुंबई
राज्य की सार्वजनिक वितरण प्रणाली में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। सरकार पारंपरिक कागजी राशन कार्डों की जगह आधुनिक तकनीक से लैस स्मार्ट राशन कार्ड जारी करने की तैयारी में है। इस पहल का उद्देश्य राशन वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाना और फर्जी लाभार्थियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
सरकारी योजना के तहत प्रत्येक स्मार्ट राशन कार्ड पर एक यूनिक QR कोड होगा। राशन दुकान पर इस कोड को स्कैन करते ही लाभार्थी की पूरी जानकारी तुरंत उपलब्ध हो जाएगी। इससे पात्र और अपात्र लाभार्थियों की पहचान आसान होगी तथा राशन की कालाबाजारी और फर्जीवाड़े पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
नई व्यवस्था में राशन कार्ड को आधार से भी जोड़ा जाएगा। इससे ऐसे लोगों की पहचान की जा सकेगी, जो नियमों के विपरीत सरकारी राशन योजना का लाभ ले रहे हैं। जांच के बाद अपात्र लाभार्थियों के नाम सूची से हटाए जाएंगे और आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
सरकार का मानना है कि स्मार्ट राशन कार्ड व्यवस्था से सार्वजनिक वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और डिजिटल बनेगी। साथ ही ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ योजना को भी मजबूती मिलेगी, जिससे पात्र लाभार्थी देश के किसी भी राज्य में अपने हिस्से का राशन आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
