
▪️ मुंबई
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के तेजी से बदलते दौर में जहां कुछ ही सेकंड में सवालों के जवाब मिल जाते हैं, वहीं ‘कौन बनेगा करोड़पति’ एक बार फिर यह साबित करने की तैयारी में है कि असली परीक्षा इंसानी ज्ञान, तर्कशक्ति, धैर्य और निर्णय क्षमता की होती है। इसी सोच के साथ ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं।
सोनी टीवी ने शो का नया प्रोमो जारी किया है, जिसमें अमिताभ बच्चन अपने परिचित अंदाज में दर्शकों को हॉट सीट तक पहुंचने का न्योता देते नजर आते हैं। इस बार प्रोमो में एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच मानव बुद्धिमत्ता और सामान्य ज्ञान की अहमियत को भी रेखांकित किया गया है।
शो के निर्माता यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि तकनीक कितनी भी उन्नत क्यों न हो जाए, सही समय पर सही निर्णय लेना, अनुभव के आधार पर उत्तर देना और दबाव में संयम बनाए रखना केवल इंसान की क्षमता है। यही विशेषताएं ‘कौन बनेगा करोड़पति’ को आज भी प्रासंगिक बनाए हुए हैं।
इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित प्रक्रिया के तहत रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। शुरुआती चरण में सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों का चयन आगे की ऑडिशन प्रक्रिया के लिए किया जाएगा। पिछले 25 वर्षों से यह कार्यक्रम देशभर के लाखों लोगों को अपनी प्रतिभा और ज्ञान के दम पर पहचान बनाने का अवसर देता आया है। अब एआई के युग में भी ‘कौन बनेगा करोड़पति’ मानव बुद्धिमत्ता की असली परीक्षा लेने के लिए तैयार है।
