▪️बोला, जेल का खाना ज्यादा ऑइली और मसालेदार

▪️ नई दिल्ली
तिहाड़ जेल में बंद अमेरिकी नागरिक और आतंकवाद से जुड़े मामले का आरोपी मैथ्यू आरोन वैनडाइक ने अदालत से एक अनोखी मांग की है। उसने कहा है कि जेल का भोजन इतना मसालेदार, तैलीय और तला-भुना होता है कि वह उसे खा नहीं पा रहा। इसलिए उसे अपना भोजन स्वयं पकाने की अनुमति दी जाए।
पटियाला हाउस कोर्ट में दायर याचिका में वैनडाइक ने दावा किया कि 6 मई से वह जेल का खाना लगभग छोड़ चुका है। उसके अनुसार, इस दौरान उसका करीब 14 किलोग्राम वजन कम हो गया है और स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है। उसने अदालत से दाल, चिकन, मछली, झींगा, पास्ता, चावल, सब्जियां, दूध, सोया मिल्क और ऑलिव ऑयल जैसी खाद्य सामग्री अपने खर्च पर रखने तथा इंडक्शन कुकर और बर्तन उपलब्ध कराने की अनुमति मांगी है। उसके परिवार ने इन सभी खर्चों का वहन करने की पेशकश की है।
अदालत ने इस याचिका पर तिहाड़ जेल प्रशासन से जवाब तलब किया है। मामले की अगली सुनवाई 21 जुलाई को होगी।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने इसी वर्ष मार्च में वैनडाइक को छह यूक्रेनी नागरिकों के साथ गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी के अनुसार, सभी आरोपी म्यांमार और भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र में सक्रिय प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े थे। उन पर उग्रवादियों को हथियार चलाने, ड्रोन संचालन और अन्य सैन्य प्रशिक्षण देने का आरोप है। मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
