
▪️मुंबई
मुंबई में जारी भारी मानसूनी बारिश के बीच शहर की मेट्रो सेवाओं ने एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। गुरुवार को चार मेट्रो लाइनों पर कुल 3,65,845 यात्रियों ने सफर किया, जो अब तक का एक बड़ा आंकड़ा माना जा रहा है। यह उपलब्धि महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमएमएमओसीएल) द्वारा संचालित लाइनों मेट्रो लाइन 2ए (दहिसर ईस्ट से गुंदवली), लाइन 7 (दहिसर वेस्ट से अंधेरी वेस्ट), लाइन 9 (दहिसर से काशीगांव) और लाइन 2बी (मानखुर्द से डायमंड गार्डन, चेंबूर) पर दर्ज की गई।
लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही, जिसके चलते बड़ी संख्या में यात्रियों ने मेट्रो को प्राथमिकता दी। उल्लेखनीय है कि पिछले दो महीनों में यह दूसरी बार है जब मेट्रो ने यात्रियों की संख्या का रिकॉर्ड तोड़ा है।
वहीं शहर की अन्य प्रमुख मेट्रो लाइनों- लाइन 1 और लाइन 3 पर औसतन क्रमशः 5 लाख और 1.5 लाख यात्रियों का दैनिक आवागमन होता है। इस तरह पूरे दिन में मुंबई मेट्रो का कुल अनुमानित यात्री आंकड़ा 10.15 लाख तक पहुंच गया।
