
▪️पुणे
आषाढ़ी वारी केवल पंढरपुर में विठ्ठल के दर्शन की यात्रा नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था, विश्वास और भावनाओं को जोड़ने वाली एक जीवंत परंपरा है। इस कठिन यात्रा में हजारों वारकरी कई दिनों तक पैदल चलते हैं। ऐसे में यदि उनका मोबाइल बंद हो जाए, तो सिर्फ एक उपकरण ही नहीं, बल्कि परिवार से जुड़ा संवाद भी टूट जाता है।
इसी संवेदनशीलता को समझते हुए परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने अपने निजी खर्च से पांच अत्याधुनिक मोबाइल चार्जिंग वैन तैयार कर उन्हें वारकरियों की सेवा में समर्पित किया है। ये वैन युवा शिवसैनिकों के माध्यम से वारी के साथ लगातार चल रही हैं और जरूरतमंद वारकरियों को पूरी तरह मुफ्त में मोबाइल चार्जिंग की सुविधा प्रदान कर रही हैं।
प्रत्येक वैन में एक समय में करीब 100 मोबाइल चार्ज करने की क्षमता है, जिससे हजारों वारकरियों को राहत मिल रही है। यात्रा के दौरान जब वारकरी अपने घर से सैकड़ों किलोमीटर दूर होते हैं, तब सिर्फ एक फोन कॉल कर ‘मैं सुरक्षित हूं’ कहना उनके और उनके परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है।
इस पहल पर प्रताप सरनाईक ने कहा, वारी सेवा और समर्पण की परंपरा है। वारकरियों की सेवा करना ही विठ्ठल की सेवा है। अगर उनके मोबाइल चालू रहेंगे, तो उनके परिवार के चेहरों पर सुकून बना रहेगा। यह सिर्फ चार्जिंग सुविधा नहीं, बल्कि रिश्तों और विश्वास को जोड़ने का एक छोटा प्रयास है।
