- डिजिटल ठगी पर सरकार का बड़ा एक्शन

▪️नई दिल्ली
देश में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराध और डिजिटल ठगी पर लगाम कसने के लिए केंद्र सरकार बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। सरकार WhatsApp, Telegram, Signal, Instagram, Facebook Messenger सहित सभी प्रमुख मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के लिए एक समान नियम लागू करने पर विचार कर रही है। इसका उद्देश्य अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर मौजूद नियमों की विसंगतियों को खत्म कर उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को मजबूत करना है।
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में WhatsApp के प्रस्तावित ‘यूजरनेम’ फीचर को लेकर उठी चिंताओं के बाद इस दिशा में चर्चा तेज हुई है। सरकार का मानना है कि यदि विभिन्न मैसेजिंग ऐप्स अलग-अलग मानकों पर संचालित होंगे, तो साइबर अपराधी फर्जी पहचान बनाकर लोगों को आसानी से निशाना बना सकते हैं। यही वजह है कि सभी प्लेटफॉर्म के लिए जवाबदेही और सुरक्षा संबंधी समान मानक तय करने की तैयारी की जा रही है।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने WhatsApp, Telegram और Signal से उनके सुरक्षा तंत्र, यूजरनेम फीचर और पहचान संबंधी व्यवस्था पर जानकारी भी मांगी है। सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि नए फीचर्स का दुरुपयोग कर डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी प्रोफाइल और साइबर अपराध जैसी घटनाओं को बढ़ावा न मिले।
यदि यह प्रस्ताव लागू होता है, तो सभी मैसेजिंग प्लेटफॉर्म को शिकायत निवारण, उपयोगकर्ता सुरक्षा, पहचान सत्यापन और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग जैसे मामलों में समान नियमों का पालन करना होगा। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य नागरिकों की डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करना है, साथ ही उनकी निजता और तकनीकी नवाचार के बीच संतुलन बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण रहेगा।
