
▪️मुंबई
महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के पूर्व सदस्य, अखिल भारतीय साहित्य परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा मुंबई के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. दिनेश प्रताप सिंह को लखनऊ में ‘कृष्ण प्रताप सिंह स्मृति राष्ट्रीय सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
गोमतीनगर स्थित सी.एम.एस. सभागार में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने उन्हें भारतीय संस्कृति, लोक परंपरा और साहित्य सृजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर समाजसेवा, चिकित्सा, जल एवं पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, साहित्य और कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली अनेक विभूतियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह की संयोजिका एवं पद्मश्री डॉ. विद्याविन्दु सिंह ने अपने संबोधन में लोक साहित्य, लोक परंपरा, लोक जीवन और लोकोत्सव पर डॉ. दिनेश प्रताप सिंह के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। समारोह के अध्यक्ष एवं प्रख्यात साहित्यकार प्रो. सूर्यप्रसाद दीक्षित ने ‘पुण्य स्मरण धर्म’ विषय पर व्याख्यान दिया। उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान के निदेशक सर्वेश कुमार सिंह ने साहित्य सृजन में डॉ. सिंह के योगदान की प्रशंसा की।
समारोह में विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, सुशांत विश्वविद्यालय के कुलाधिपति जयशंकर मिश्र, जयप्रकाश सिंह, बालेन्द्र प्रताप सिंह, पवनपुत्र बादल, विजय त्रिपाठी, प्रो. बलजीत श्रीवास्तव, गायत्री देवी, रेमीरानी सिंह सहित अनेक साहित्यकार, पत्रकार, कलाप्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
