
▪️मुंबई
महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल (MSBSHSE) ने जून-जुलाई 2026 में आयोजित एसएससी (10वीं) पूरक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष राज्य का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 29.53 प्रतिशत रहा। परीक्षा के लिए 53,880 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 51,313 परीक्षार्थी शामिल हुए और 15,157 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए।
इस बार भी लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। उनका उत्तीर्ण प्रतिशत 34.60 प्रतिशत रहा, जबकि लड़कों का 27.75 प्रतिशत दर्ज किया गया।
विभागवार परिणामों में नासिक मंडल 41.45 प्रतिशत सफलता के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद नागपुर (39.42%), लातूर (34.55%) और छत्रपति संभाजीनगर (34.27%) का स्थान रहा। वहीं मुंबई मंडल का परिणाम 17.73 प्रतिशत और कोंकण मंडल का केवल 12.26 प्रतिशत रहा, जो राज्य में सबसे कम है।
पिछले वर्ष पूरक परीक्षा का उत्तीर्ण प्रतिशत 36.48 था, जबकि इस वर्ष इसमें लगभग सात प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। बोर्ड ने मुख्य परीक्षा में एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण रहने वाले 18,482 विद्यार्थियों को एटीकेटी (ATKT) सुविधा के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 11वीं कक्षा में प्रवेश लेने की अनुमति दी है।
विद्यार्थी अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुण सत्यापन, उत्तरपुस्तिका की छायाप्रति तथा पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
