▪️मुंबई
सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी के आशीर्वाद से संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन (एसएनसीएफ) ने 12 जुलाई को प्रभादेवी (वरली) और बदलापुर में दो स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए। दोनों शिविरों में कुल 309 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

प्रभादेवी म्युनिसिपल स्कूल, वरली में आयोजित शिविर में संत निरंकारी ब्लड बैंक, विले पार्ले ने रक्त संग्रह किया। यहां 223 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 191 यूनिट रक्तदान हुआ। शिविर का शुभारंभ सेक्टर संयोजक (दादर) श्रीमती पूजा चुघ की उपस्थिति में प्रार्थना के साथ हुआ। इस अवसर पर विधायक महेश सावंत, विधान परिषद सदस्य सुनील शिंदे, मुंबई महानगरपालिका में विपक्ष की नेता किशोरी पेडणेकर, नगरसेविका पद्मजा चेंबुरकर, नगरसेवक निशिकांत शिंदे, नगरसेवक यशवंत किल्लेदार तथा खारघर-रायगढ़ के ज़ोनल इंचार्ज प्रकाश म्हात्रे ने शिविर का दौरा कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। शिविर स्थानीय मुखी दिनेश गवळकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
वहीं, डोंबिवली ज़ोन 35-ए के अंतर्गत बदलापुर स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में आयोजित शिविर में 147 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 118 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। बदलापुर महानगरपालिका की नगराध्यक्षा रुचिता राजेंद्र घोरपड़े ने शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं और आयोजकों का अभिनंदन किया। शिविर स्थानीय मुखी माधवराव पोंदे के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
