▪️ एयरपोर्ट शुल्क बढ़ने से टिकटों की कीमत में आएगा उछाल

- मुंबई। मुंबई से उड़ान भरने वाले यात्रियों को जल्द ही अपनी जेब कुछ और ढीली करनी पड़ सकती है। एयरपोर्ट पर वसूले जाने वाले ‘यूजर डेवलपमेंट फीस’ (यूडीएफ) में प्रस्तावित बढ़ोतरी के बाद घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की हवाई यात्राएं महंगी होने के संकेत हैं। यह शुल्क टिकट के साथ ही एयरलाइंस कंपनियां यात्रियों से वसूलती हैं, इसलिए इसका सीधा असर किराए पर पड़ेगा।
जानकारी के अनुसार, मुंबई और नवी मुंबई में विकसित की जा रही आधुनिक हवाई अड्डा परियोजनाओं, विशेषकर नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण पर हुए बड़े निवेश की लागत की भरपाई के लिए यूडीएफ बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव के तहत घरेलू यात्रियों से सैकड़ों रुपए अतिरिक्त शुल्क लिया जा सकता है, जबकि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए यह राशि और अधिक रहने की संभावना है।
विमानन क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि टिकट महंगे होने से हवाई यात्रा की मांग प्रभावित हो सकती है। एयरलाइंस कंपनियों का भी कहना है कि बढ़े हुए शुल्क के कारण कम कीमत वाले टिकट उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण होगा, जिसका असर यात्रियों की संख्या पर भी पड़ सकता है।
हालांकि, नियामक संस्था का कहना है कि अत्याधुनिक हवाई अड्डा परियोजनाओं के विकास और आवश्यक बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए शुरुआती वर्षों में अतिरिक्त शुल्क लेना जरूरी है। उसका दावा है कि भविष्य में शुल्क संरचना की समीक्षा कर इसे संतुलित किया जाएगा। तब तक मुंबई से हवाई यात्रा करने वालों को अपने यात्रा बजट में बढ़ोतरी के लिए तैयार रहना होगा।
