
▪️गुवाहाटी
असम में आई विनाशकारी बाढ़ ने लाखों लोगों का जीवन प्रभावित कर दिया है। ऐसे मुश्किल समय में अभिनेता रणदीप हुड्डा राहत कार्यों में सक्रिय रूप से जुटे हैं। वह बाढ़ग्रस्त इलाकों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को चप्पल, राशन और दैनिक उपयोग का सामान वितरित कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए उनके वीडियो में वह पानी और कीचड़ के बीच लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाते नजर आ रहे हैं।
असम के शिवसागर जिले में अभिनेता रणदीप हुड्डा ने स्वयं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और घुटनों तक पानी में उतरकर जरूरतमंद लोगों को भोजन तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की। उनके इस मानवीय प्रयास का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार रणदीप हुड्डा ने स्वयंसेवी संस्था ‘ग्लोबल सिक्स’ की टीम के साथ मिलकर निमाईजान और आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत अभियान चलाया। वह नाव और पैदल पानी के बीच से गुजरकर फंसे हुए परिवारों तक खाद्यान्न, पीने का पानी और आवश्यक दवाइयां पहुंचाते नजर आए।
इसके अलावा शिवसागर रेलवे स्टेशन पर लगाए गए लंगर में भी रणदीप ने स्वयं बाढ़ पीड़ितों को भोजन परोसकर उनकी सेवा की। उनके इस कदम की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है।
