
▪️मुंबई
महाराष्ट्र में मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्यभर में चल रही डॉक्टरों की हड़ताल समाप्त हो गई है। इसके साथ ही शुक्रवार से सरकारी अस्पतालों में ओपीडी (OPD), आईपीडी (IPD), नियमित सर्जरी और अन्य चिकित्सा सेवाएं फिर से सामान्य रूप से शुरू हो जाएंगी।
हड़ताल समाप्त करने का निर्णय तब लिया गया, जब बॉम्बे हाई कोर्ट ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए डॉक्टरों और सरकार से मरीजों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। अदालत की सख्त टिप्पणी के बाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) और रेजिडेंट डॉक्टरों ने आंदोलन वापस लेने का फैसला किया।
डॉक्टरों का विरोध महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल के उस प्रस्ताव के खिलाफ था, जिसमें विशेष प्रशिक्षण प्राप्त होम्योपैथी चिकित्सकों को आधुनिक चिकित्सा पद्धति की कुछ दवाएं लिखने की अनुमति देने की बात कही गई थी। इस निर्णय को लेकर डॉक्टरों ने मरीजों की सुरक्षा और आधुनिक चिकित्सा की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे।
हड़ताल के दौरान राज्य के कई सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं, नियमित ऑपरेशन और गैर-आपातकालीन उपचार प्रभावित हुए थे। हालांकि आपातकालीन सेवाएं सीमित स्तर पर जारी रखी गई थीं। अब हड़ताल समाप्त होने के बाद सभी अस्पतालों में चिकित्सा सेवाएं पूरी क्षमता के साथ बहाल की जाएंगी, जिससे हजारों मरीजों को राहत मिलेगी।
