
▪️मुंबई
वरली में भाजपा की तिरंगा रैली के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। रैली शुरू होने से पहले फडणवीस ने माइक संभाला और देशभक्ति गीत ‘दिल दिया है, जान भी देंगे, ऐ वतन तेरे लिए’ गाकर माहौल में जोश भर दिया। उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरे इलाके को गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, मुंबई की महापौर रितू तावड़े, मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, विधायक अमित साटम और पद्मश्री भिकल्या लाडक्या धिंडा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
रैली को संबोधित करते हुए फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और विज्ञान, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में देश तेजी से नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के पास दुनिया की सबसे बड़ी युवा शक्ति है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और देश के प्रति समर्पण के बल पर भारत निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि दुनिया की कोई भी ताकत भारत की प्रगति की रफ्तार को रोक नहीं सकती।
रैली में फडणवीस का गीत और उसके बाद उनका जोशीला संबोधन कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा।
