▪️4 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
- मुंबई। तुलसीराम प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी हिंदी सोशल साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म ‘ओये चिल मार’ का पहला पोस्टर मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में जारी किया गया। पोस्टर लॉन्च से पहले फिल्म की पूरी टीम ने भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। तुलसीराम देओरुखकर निर्मित और नितिन एम. रोकाडे निर्देशित यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को मुंबई समेत देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म की कहानी सोशल मीडिया की बढ़ती लत और ऑनलाइन लोकप्रियता हासिल करने की होड़ के दुष्प्रभावों पर केंद्रित है। चार करीबी दोस्तों की जिंदगी में प्यार, दोस्ती, रहस्य और अप्रत्याशित घटनाओं के बीच कहानी आगे बढ़ती है। मुख्य किरदार प्रेम अपने अतीत के दर्द और टूटे व्यक्तित्व से जूझते हुए रहस्य और धोखे के जाल में उलझ जाता है।
‘ओये चिल मार’ में सस्पेंस और रोमांस के साथ ह्यूमर तथा भावनात्मक पहलुओं को भी जगह दी गई है। फिल्म जिम्मेदार पेरेंटिंग, इमोशनल वेल-बीइंग और बचपन के ट्रॉमा जैसे गंभीर सामाजिक विषयों को भी कहानी का हिस्सा बनाती है।

फिल्म में तेजस देव मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ श्रेय पारीक, शिखा पांडे, प्राची बंसल, अतुल तिवारी, सुजीत अस्थाना, प्रशांत मोहिते और सूफिया तनवीर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। सूफिया तनवीर इससे पहले तेलुगु फिल्म ‘न तेलुगोडु’ में मुख्य भूमिका निभा चुकी हैं।
फिल्म की शूटिंग वाराणसी के घाटों और शहर की विभिन्न खूबसूरत लोकेशनों पर हुई है। सेंसर बोर्ड की मंजूरी के बाद अब फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। निर्माताओं को उम्मीद है कि मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश देने वाली यह फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी।
