- मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। वर्ष 2027 में मुंबईकरों को मेट्रो जैसी आधुनिक, वातानुकूलित और स्वचालित दरवाजों वाली 238 उपनगरीय लोकल ट्रेनें मिलने जा रही हैं। मार्च 2030 तक मुंबई की पूरी लोकल सेवा को मेट्रो की तर्ज पर आधुनिक बनाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इससे मुंबई के दलवलण को ‘गतिमानता का बूस्टर’ मिलेगा।

सह्याद्री अतिथि गृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एमएमआरडीए की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का ई-लोकार्पण किया। इनमें भारत नगर रोड से वाकोला जंक्शन तक सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड के दूसरे चरण की 1.40 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड सड़क और चेंबूर मेट्रो स्टेशन का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से पूर्व और पश्चिम मुंबई के बीच आवागमन तेज होगा। बीकेसी, कलिना, वाकोला और कलानगर क्षेत्रों में यातायात जाम कम होने के साथ यात्रा के समय में करीब 35 मिनट की बचत होगी।
वहीं, ठाणे-बोरीवली डबल टनल परियोजना पूरी होने के बाद ठाणे से बोरीवली का सफर केवल 12 से 15 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है। चेंबूर मेट्रो स्टेशन को उपनगरीय रेलवे और मोनोरेल से जोड़ा गया है।
