
▪️मुंबई
महाराष्ट्र में अब उन वाहन मालिकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, जिन्होंने अपने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) नहीं लगवाई है। परिवहन विभाग ने HSRP व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विशेष दल गठित किए हैं। ये दल अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की जांच करेंगे और बिना HSRP नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक 1 करोड़ 10 लाख 84 हजार वाहन मालिकों ने HSRP नंबर प्लेट के लिए पंजीकरण कराया है। इनमें से 98 लाख 8 हजार वाहनों पर प्लेट लगाई जा चुकी है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में वाहन अभी भी बिना HSRP प्लेट के सड़कों पर चल रहे हैं। विभाग ने ऐसे वाहनों की जांच शुरू करने का निर्णय लिया है।
- विशेष दल करेंगे वाहन जांच
HSRP नियमों के पालन के लिए परिवहन विभाग के विशेष दल विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच करेंगे। खास तौर पर पुराने या अनधिकृत नंबर प्लेट वाले वाहनों पर नजर रखी जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य HSRP व्यवस्था को अनिवार्य रूप से लागू करना है। - क्या है HSRP?
HSRP एल्युमिनियम से बनी विशेष सुरक्षा नंबर प्लेट है, जिसे वाहन के आगे और पीछे लगाया जाता है। इसमें अशोक चक्र वाला होलोग्राम, लेजर से अंकित 10 अंकों की पहचान संख्या, ‘IND’ और हॉट-स्टैम्प फिल्म जैसी सुरक्षा विशेषताएं होती हैं। यह प्लेट वाहन की डिजिटल पंजीकरण जानकारी से जुड़ी होती है, इसलिए इसे दूसरे वाहन पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
HSRP का उद्देश्य वाहनों की पहचान को अधिक सुरक्षित बनाना, नकली नंबर प्लेट के इस्तेमाल पर रोक लगाना और वाहन चोरी जैसे मामलों की जांच को आसान बनाना है। प्लेट को स्कैन करने पर संबंधित वाहन की पंजीकरण संबंधी जानकारी प्राप्त करने में भी मदद मिल सकती है।
