
▪️मुंबई
मुंबई में ऑटो-रिक्शा और टैक्सी से सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर जल्द अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। परिवहन विभाग शहर में ऑटो-रिक्शा और टैक्सी के न्यूनतम किराए में बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। हालांकि, अभी यह प्रस्तावित वृद्धि है और अंतिम मंजूरी के बाद ही नए दर लागू होंगे।
प्रस्ताव के अनुसार, मुंबई में ऑटो-रिक्शा का न्यूनतम किराया 26 रुपए से बढ़ाकर 27 रुपए किया जा सकता है। वहीं, 1.5 किलोमीटर तक टैक्सी का न्यूनतम किराया 31 रुपए से बढ़कर 33 रुपए होने की संभावना है। दूसरी ओर, टैक्सी चालक संगठनों ने इससे भी अधिक बढ़ोतरी की मांग की है। संगठनों ने न्यूनतम किराए में कम से कम 4 रुपए बढ़ाने की मांग की है।
प्रस्ताव परिवहन आयुक्त कार्यालय से मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण के पास भेजे जाने की संभावना है। प्राधिकरण प्रस्ताव की समीक्षा के बाद अंतिम फैसला करेगा।
